छत्तीसगढ़ में हॉस्टल, पीजी, स्कूल, कोचिंग सेंटर, पुस्तकालय और बड़े भवनों का सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार किए बिना संभावित जोखिमों की पहचान कर उन्हें समय रहते दूर किया जाए.

मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, रायपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने राज्य के सभी संभागायुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए.

जर्जर भवनों की स्थिति का आकलन

निर्देशों के मुताबिक शैक्षणिक संस्थानों और विद्यार्थियों से जुड़े परिसरों का तुरंत निरीक्षण किया जाएगा. जर्जर या जोखिमपूर्ण भवनों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर सुरक्षा मानकों में मिली कमियों को तय समय-सीमा में दूर करने को कहा गया है. मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों और विद्यार्थियों से जुड़े परिसरों में सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी तरह की शिथिलता नहीं बरतने की बात कही.

अवैध और मिलावटी शराब पर संयुक्त कार्रवाई

बैठक में अवैध और मिलावटी शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस, आबकारी विभाग और जिला प्रशासन को संयुक्त विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. दूसरे राज्यों से होने वाली शराब तस्करी रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख परिवहन मार्गों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया है.

मुख्यमंत्री ने सूचनाओं के तेज आदान-प्रदान और दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि आदेशों के पालन में निचले या उच्च स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. बैठक में मुख्य सचिव विकास शील समेत वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.