रायपुर. छत्तीसगढ़ मानव अधिकार आयोग के समक्ष विजयादशमी पर रावण का पुतला दहन किए जाने को मानवाधिकारों का उल्लंघन बताने वाली शिकायत पहुंची. आयोग ने इसे अपने क्षेत्राधिकार से बाहर मानते हुए खारिज कर दिया.
आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष गिरधारी नायक ने प्रेसवार्ता में बताया कि शिकायतकर्ता ने रावण दहन पर सवाल उठाते हुए कहा था कि जब दुर्योधन ने रावण से भी बड़े पाप किए थे, तो उसका पुतला क्यों नहीं जलाया जाता.
आयोग की ओर से शिकायतकर्ता को स्पष्ट किया गया कि रावण मानव की श्रेणी में नहीं आता. इसलिए उसके पुतले के दहन से जुड़ा मामला मानवाधिकार आयोग के अधिकार क्षेत्र में नहीं है.
गिरधारी नायक के अनुसार, आयोग के समक्ष अब तक इस तरह के करीब तीन से चार हजार बेबुनियाद मामले आ चुके हैं.
प्रेसवार्ता में उन्होंने यह भी बताया कि आयोग ने तीन सड़क दुर्घटनाएं करने वाले चालकों के लाइसेंस निरस्त करने और चालकों को समूह बीमा उपलब्ध कराने की सिफारिश की है. सफाई कर्मचारियों और पेंशनरों से जुड़े मामलों के समाधान की जानकारी भी दी गई.
