छत्तीसगढ़ जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने गुरुवार को रायपुर के मेडिकल कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए OPD सेवाओं का बहिष्कार किया. हालांकि, मरीजों को वापस नहीं भेजने के लिए डॉक्टरों ने धरना स्थल पर ही समानांतर OPD शुरू की और मरीजों की जांच कर प्रिस्क्रिप्शन लिखे.

JDA अध्यक्ष डॉ. पीयूष श्रीवास्तव के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री के साथ चर्चा हो चुकी है, लेकिन अब डॉक्टर मौखिक आश्वासन के बजाय मांगों पर लिखित आदेश चाहते हैं. उन्होंने कहा कि मांगें केवल स्टाइपेंड से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि राज्य में मेडिकल रिफॉर्म्स और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से भी संबंधित हैं.

बॉन्ड व्यवस्था खत्म करने की मांग

JDA से जुड़े डॉक्टर रेशम जांगड़े ने दावा किया कि डॉक्टरों के लिए करीब 75 लाख रुपये की बॉन्ड राशि का प्रावधान है. संगठन का सवाल है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाला मेरिटोरियस छात्र इतनी बड़ी राशि कैसे जुटाएगा. डॉक्टरों ने बॉन्ड व्यवस्था खत्म करने की मांग की है.

संगठन ने यह भी कहा कि राज्य में Super Specialty Centres पर बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद पर्याप्त डॉक्टरों की भर्ती और अलग कैडर नहीं बनाया गया है. JDA ने Super Specialty Cadre गठित करने की मांग की है, ताकि लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट, गंभीर कैंसर और अन्य जटिल बीमारियों के इलाज की सुविधाएं राज्य में विकसित हो सकें.

JDA के मुताबिक, कुछ डॉक्टरों को लंबे समय तक काम के बावजूद करीब 15,900 रुपये मानदेय मिल रहा है. संगठन इंटर्न, रेजिडेंट, PG बॉन्डेड और MBBS बॉन्डेड डॉक्टरों के लिए जिम्मेदारी के अनुरूप मानदेय चाहता है.

रायपुर के अलावा बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टरों के आंदोलन में शामिल होने का दावा किया गया है. JDA ने कहा है कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो 28 सितंबर से इमरजेंसी सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं बंद करने का आंदोलनात्मक कदम उठाया जा सकता है.