रायपुर: छत्तीसगढ़ में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने 21 सितंबर 2026 से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल सात दिनों के लिए टाल दिया है. यह फैसला स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ हुई वार्ता और JDA की जनरल बॉडी मीटिंग के बाद लिया गया.
JDA के मुताबिक, बैठक में प्रदेश के चिकित्सकों और जूनियर डॉक्टरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. संगठन ने लंबे समय से उठाई जा रही अपनी मांगों के समाधान के लिए सरकार के सामने पक्ष रखा. स्वास्थ्य मंत्री ने इन मांगों के निराकरण की दिशा में कार्रवाई के लिए सात दिन का समय मांगा.
संगठन ने बताया कि उसने मंत्री के आश्वासन और मांगे गए समय के सम्मान में हड़ताल स्थगित करने का सामूहिक निर्णय लिया है. इस अवधि में डॉक्टर अपनी नियमित चिकित्सा सेवाएं और ड्यूटी जारी रखेंगे.
हालांकि, JDA ने आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं किया है. संगठन के अनुसार, सात दिनों के दौरान Black Ribbon Protest, Candle March, रैली और शांतिपूर्ण प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन विरोध कार्यक्रमों के जरिए मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के सामने रखा जाएगा.
सात दिन बाद आगे की रणनीति
JDA ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस अवधि में उसकी प्रमुख मांगों के समाधान को लेकर ठोस निर्णय लेगी. संगठन के अनुसार, यदि सात दिन के भीतर अपेक्षित निराकरण नहीं हुआ, तो जनरल बॉडी की बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी. इसमें अनिश्चितकालीन हड़ताल समेत अन्य लोकतांत्रिक आंदोलनात्मक कदमों पर भी विचार किया जा सकता है.
JDA ने कहा कि मरीजों के हित और चिकित्सा सेवाओं की निरंतरता उसकी प्राथमिकताओं में बनी रहेगी.
