रायपुर. छत्तीसगढ़ में विभिन्न मांगों को लेकर चल रही जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक के बाद समाप्त हो गई. बैठक में बांड राशि, उच्च शिक्षा के लिए एनओसी, बांड सेवा अवधि और सुपर स्पेशलिटी कैडर से जुड़े मुद्दों पर सहमति बनी. स्टाइपेंड बढ़ाने का निर्णय पहले ही लिया जा चुका है.
उच्च शिक्षा के लिए अब यूजी डॉक्टरों को 25 लाख रुपये और पीजी डॉक्टरों को 50 लाख रुपये की बंधक राशि जमा नहीं करनी होगी. एनओसी हलफनामे या शपथ पत्र के आधार पर जारी की जाएगी. सुपर स्पेशलिटी की पढ़ाई के लिए डॉक्टर नोटरी कराकर राज्य से बाहर जा सकेंगे.
बांड सेवा बीच में छोड़ने पर यूजी डॉक्टरों के लिए राशि 25 लाख से घटाकर 10 लाख और पीजी डॉक्टरों के लिए 50 लाख से घटाकर 20 लाख रुपये करने पर सहमति बनी है. नियमित चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती के बाद यूजी डॉक्टरों की दो वर्ष की बांड सेवा समाप्त करने का आश्वासन दिया गया है. पीजी डॉक्टरों की दो वर्ष की सेवा अवधि पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है.
अनुबंधित पीजीएमओ और सीनियर रेजिडेंट का वेतन पीजी तृतीय वर्ष के डॉक्टरों से 2,000 रुपये अधिक यानी 95,000 रुपये करने का प्रस्ताव है. सुपर स्पेशलिटी कैडर बनाने पर मुख्यमंत्री से चर्चा का आश्वासन दिया गया है.
इस बीच, ग्रेड-पे और वेतनमान की मांग को लेकर नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया है. अंबिकापुर, कोरबा और महासमुंद मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग स्टाफ ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया. 30 सितंबर को स्कूटी रैली प्रस्तावित है. मांगें नहीं मानी गईं तो 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी गई है.
