छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और सरगुजा क्षेत्र में दहशत का कारण बने कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा. शुक्रवार को हाथी को पकड़ने की कोशिश सफल नहीं हो सकी थी. वन विभाग के अनुसार, इस हाथी के हमलों में पिछले छह महीनों में 19 लोगों की मौत हुई है. नवंबर में ही नौ लोगों की जान जाने की बात सामने आई है.
वन विभाग के मुताबिक, शुक्रवार रात कबरा हाथी सायर के जंगल में मौजूद 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया. देर रात तक उसका झुंड के एक नर हाथी से संघर्ष हुआ. इसके बाद कबरा हाथी ने उस नर हाथी को झुंड से बाहर कर दिया और खुद उसकी जगह ले ली. शनिवार तड़के यह झुंड कुसुवामुड़ा जंगल पहुंचा, जिससे हाथी को अलग करके पकड़ना और कठिन हो गया.
कुमकी हाथियों और विशेषज्ञों की मदद
वन विभाग की टीम दो कुमकी हाथियों के साथ अभियान चला रही है. शुक्रवार को टीम उदयपुर पहुंची थी, लेकिन कबरा हाथी सायर जंगल से बाहर नहीं आया. शनिवार को कुमकी हाथियों को कुसुवामुड़ा जंगल में भेजा गया. कबरा हाथी दिखाई देने पर उसे ट्रैंकुलाइज करने की योजना है. बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम भी मौके पर मौजूद है.
लगातार हमलों को देखते हुए हाथी को पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेजने की अनुमति दी गई है. इससे पहले उसे रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति थी. हालांकि, बुधवार और गुरुवार को प्रेमनगर और उदयपुर क्षेत्र में दो महिलाओं की मौत तथा एक महिला के घायल होने के बाद रेस्क्यू सेंटर भेजने का फैसला लिया गया.
17 स्कूलों में छुट्टी और ड्रोन निगरानी
हाथियों के झुंड की मौजूदगी के कारण आसपास के 17 स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है. इनमें सायर, कुदर बसवार, सत्तीमुड़ा, कुमडेवा और सुखरीभंडार के स्कूल शामिल हैं. वन विभाग ड्रोन से निगरानी कर रहा है और इलाके में अलर्ट जारी कर घेराबंदी की गई है.
