छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों, पूर्व मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने परिवार, पार्टी कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों के साथ दीपावली मनाई. इस दौरान नेताओं ने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निवास पर पत्नी कौशल्या साय के साथ दीप जलाए और पूजा-अर्चना की. उन्होंने सोशल मीडिया संदेश में दीपावली को अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और अंधकार पर प्रकाश की जीत का पर्व बताया. उन्होंने मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश से हर घर में सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कुरुदाडीह में परिवार के साथ मां लक्ष्मी की पूजा की. उन्होंने सभी के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं. सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी परिजनों के साथ मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश की पूजा की और प्रदेशवासियों को बधाई दी.
कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मिले नेता
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा विधानसभा कार्यालय में पूजा-पाठ किया. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं. उनके कवर्धा स्थित निवास पर निषाद समाज के लोगों ने पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने परिवार के साथ पूजा कर प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की. मंत्री गजेंद्र यादव ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस और ट्रैफिक जवानों से मुलाकात की तथा उन्हें मिठाई और उपहार देकर शुभकामनाएं दीं.
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने भंडारपुरी धाम में परिवार के साथ पूजा की और गुरु घासीदास बाबा के सत्य, मानवता तथा समरसता के संदेशों को याद करते हुए प्रदेश की सुख-शांति की कामना की.
