छत्तीसगढ़ में व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है. स्कूल शिक्षा विभाग ने इसके लिए विज्ञापन जारी किया है. भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) कराएगा. परीक्षा की संभावित तारीख 29 नवंबर 2026 रखी गई है. हालांकि आवेदन शुरू होने की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है.
आठ विषयों में पद
कुल 854 पदों को आठ विषयों में बांटा गया है. हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में 120-120 पद हैं. भौतिकी के 94 पद हैं. राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र में 100-100 पद निर्धारित किए गए हैं.
विज्ञापन के अनुसार 424 पद ई-संवर्ग की शालाओं और 430 पद टी-संवर्ग की शालाओं में भरे जाएंगे.
आवेदन और पाठ्यक्रम की जानकारी बाद में
भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य जरूरी शर्तें विस्तृत विज्ञापन में बताई जाएंगी. परीक्षा का पाठ्यक्रम भी CGSSB की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा. विभाग के अनुसार व्याख्याता भर्ती का विस्तृत विज्ञापन व्यापम की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा.
आवेदन शुरू होने की तारीख CGSSB अलग से घोषित करेगा. अभ्यर्थियों को पात्रता, आरक्षण, शुल्क, दस्तावेज और परीक्षा संबंधी निर्देशों के लिए विस्तृत विज्ञापन और आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा. यह भर्ती स्कूल शिक्षा विभाग में घोषित 5,000 शिक्षकीय पदों की प्रक्रिया के तहत शुरू की जा रही है.
