छत्तीसगढ़ के चार शहरों में जीवनरक्षक दवाओं की कीमतों की पड़ताल में अस्पतालों की खरीद कीमत और मरीजों से वसूली गई राशि के बीच कई गुना अंतर सामने आने का दावा किया गया है. पड़ताल रायपुर, बिलासपुर, भिलाई और रायगढ़ में की गई. इसमें किडनी, लिवर, हृदय रोग और गंभीर संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं को शामिल किया गया.

रिपोर्ट के अनुसार, कुछ दवाओं की एमआरपी उनकी वास्तविक खरीद कीमत से करीब नौ गुना तक अधिक है. नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (एनपीपीए) के मूल्य नियंत्रण दायरे में आने वाली कुछ दवाओं में भी कंपनियों की ओर से अप्रत्यक्ष रूप से ज्यादा ट्रेड मार्जिन दिए जाने का दावा है. इसके लिए नए कॉम्बिनेशन और ‘एक खरीदने पर तीन मुफ्त’ जैसी योजनाओं का इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई है.

बिल और दवा कीमतों में अंतर

रायपुर के एक निजी अस्पताल के बिल के आधार पर दावा किया गया कि ह्यूमन एल्ब्यूमिन 20%, 100 मिली की एक यूनिट के लिए मरीज से ₹9,749.88 लिए गए, जबकि बाहर इसकी खरीद कीमत करीब ₹4,000 थी. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि निजी अस्पतालों की इन-हाउस फार्मेसी में कई मामलों में पूरी एमआरपी वसूली जाती है, जबकि बाहर की दुकानों पर कुछ छूट मिल सकती है.

टेनेक्टेप्लेज 40 मिलीग्राम इंजेक्शन की अस्पतालों को खरीद कीमत करीब ₹16,000 और एमआरपी ₹54,000 बताई गई है. वहीं, मेरोपेनम की एमआरपी ₹841 के मुकाबले योजनाओं के बाद प्रभावी खरीद कीमत ₹160 बताई गई.

छत्तीसगढ़ के ड्रग कंट्रोलर दीपक अग्रवाल के अनुसार, विभाग कीमत और मुनाफे से जुड़ी मैदानी जानकारी एनपीपीए को भेजता रहा है. उन्होंने कहा कि इस तरह की मनमानी पर कार्रवाई का अधिकार एनपीपीए के पास है.