छत्तीसगढ़ के कथित 3,200 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में ACB-EOW ने रायपुर की विशेष अदालत में 27 हजार पन्नों के दस्तावेजों के साथ दसवां चालान पेश किया है. जांच एजेंसी के अनुसार, इस चालान में 20 लोगों और 22 फर्मों-कंपनियों को आरोपी बनाया गया है. रामगोपाल अग्रवाल, यश टुटेजा और अख्तर ढेबर समेत अन्य लोगों के नाम इसमें शामिल हैं. मामले में अगली सुनवाई 31 अक्टूबर को होगी.
जांच एजेंसी का आरोप है कि शराब सिंडिकेट ने आबकारी व्यवस्था का दुरुपयोग कर अवैध कमीशन वसूला. बिना आबकारी शुल्क चुकाए अतिरिक्त शराब तैयार कराई गई और डुप्लीकेट होलोग्राम, अतिरिक्त खाली बोतलों तथा फर्जी परिवहन परमिट के जरिए इसे सरकारी दुकानों तक पहुंचाया गया. एजेंसी के मुताबिक, इस शराब की बिक्री सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं की जाती थी और बिक्री से मिली नकदी सिंडिकेट तक पहुंचाई जाती थी.
चालान में हवाला और आंगड़िया नेटवर्क के जरिए रकम को देश के अलग-अलग शहरों और दुबई तक भेजने के आरोपों का भी उल्लेख है. जांच एजेंसी के अनुसार, नकद रकम के बदले बैंक खातों में एंट्री लेकर उसे अनसिक्योर्ड लोन के तौर पर दिखाया गया और जमीन सहित अन्य संपत्तियों में निवेश किया गया. कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान रायपुर के सिलतरा स्थित एन.व्ही. डिस्टिलरी से शराब के उत्पादन और होटल-बार के जरिए कथित अवैध बिक्री से जुड़े साक्ष्य भी चालान में शामिल हैं.
मैनपावर भुगतान मामले में 182.98 करोड़ रुपए का आरोप
ACB-EOW ने CSMCL के तत्कालीन प्रबंध निदेशक अरुणपति त्रिपाठी और एजेंसी संचालक बीआर लोहिया के खिलाफ 182.98 करोड़ रुपए के मैनपावर भुगतान मामले में छठा पूरक चालान भी पेश किया है. एजेंसी के मुताबिक, 2019 से 2023 के बीच पांच कंपनियों को ओवरटाइम, बोनस, चार अतिरिक्त दिनों के काम और सेवा शुल्क के नाम पर यह अतिरिक्त भुगतान किया गया. आरोप है कि कर्मचारियों को उनके नाम पर ली गई पूरी रकम नहीं दी गई.
जांच के अनुसार, त्रिपाठी के 9 मई 2019 से 16 अप्रैल 2023 तक के कार्यकाल में करीब 152.40 करोड़ रुपए का भुगतान हुआ. इसमें 82.66 करोड़ रुपए ओवरटाइम, 12.21 करोड़ रुपए बोनस, 45.02 करोड़ रुपए चार अतिरिक्त दिनों के काम और 12.51 करोड़ रुपए सेवा शुल्क के बताए गए हैं. एजेंसी ने त्रिपाठी पर 28 से 32 करोड़ रुपए कमीशन लेने का आरोप लगाया है.
ईगल हंटर सॉल्यूशन और अलर्ट कमांडोज को कथित तौर पर 48.08 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भुगतान मिला, जिसमें 38.32 करोड़ रुपए त्रिपाठी के कार्यकाल में दिए जाने की बात कही गई है. चालान के मुताबिक, लंबित बिल पास कराने के बदले 28.80 लाख रुपए के कथित कमीशन से जुड़ी रकम भी बरामद की गई थी.
अरुणपति त्रिपाठी न्यायिक अभिरक्षा में हैं. जांच एजेंसी के अनुसार, बीआर लोहिया विदेश में हैं और पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं होने पर उनके खिलाफ फरारी में चालान पेश किया गया है. उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी होने और इंटरपोल की मदद लेने की बात भी कही गई है. एजेंसी के आरोपों पर अदालत का अंतिम फैसला आना बाकी है.
