छत्तीसगढ़ शासन ने आबकारी विभाग के अपर आयुक्त आशीष श्रीवास्तव को बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. विभागीय आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो की जांच के बाद की गई है.

श्रीवास्तव का मुख्यालय आबकारी आयुक्त कार्यालय, नवा रायपुर तय किया गया है. निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा.

जांच एजेंसी ने 13 अक्टूबर 2026 को पूरक अभियोग पत्र तैयार किया था, जिसे 14 अक्टूबर को रायपुर की विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया. आदेश में एजेंसी ने तत्कालीन आबकारी उपायुक्त आशीष श्रीवास्तव के विरुद्ध जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने का उल्लेख किया है. इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत विभागीय निलंबन आदेश जारी किया गया.

किन धाराओं में जांच

मामले की जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धाराओं 7, 7-क, 8, 12 और 13 के अलावा भारतीय दंड विधान की धाराओं 420, 467, 468, 471, 120बी, 201 और 109 के तहत की गई है.

आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो ने प्रवर्तन निदेशालय से मिले प्रतिवेदन और प्रारंभिक जांच के आधार पर 17 जनवरी 2024 को प्राथमिकी दर्ज की थी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मामले में आबकारी विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों समेत करीब 50 लोगों को आरोपी बनाया गया है.

जांच दस्तावेजों में आबकारी कारोबार में अवैध कमीशन वसूली, सरकारी शराब दुकानों के जरिए बिना कागजी हिसाब-किताब के देसी शराब की बिक्री और डिस्टिलरियों के बीच कथित सांठगांठ के आरोपों का उल्लेख है. ये आरोप जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं.