छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होगी. प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में मतदाताओं के अधिकार और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़े मुद्दे उठाएंगी. संगठन की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कार्यक्रम में उठाए जाने की बात कही गई है.
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रायपुर के राजीव भवन में बैठक हुई. प्रदेश अध्यक्ष और बालोद विधायक संगीता सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी कार्यक्रमों, प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई.
31 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेंगी प्रतिनिधि
महिला कांग्रेस की प्रतिनिधि 31 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के श्रद्धांजलि स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी. इसके बाद 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा में भाग लेंगी.
बैठक में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई. पदाधिकारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखने और आम जनता के अधिकारों की आवाज उठाने की बात कही.
बैठक में नेशनल कोऑर्डिनेटर प्रीति उपाध्याय, गंगा यादव, दीप्ति दुबे, अंजुमन ठेबर, डॉ. करुणा कुर्रे, सबा अली, संगीता दुबे, प्रगति बाजपेयी, हजरुन खान बानो, पूनम यादव समेत प्रदेश की महिला कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं.
