छत्तीसगढ़ में मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार से दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला शुरू होगी. इसका आयोजन रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में किया जाएगा. कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और ओडिशा के करीब 300 किसान तथा महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य शामिल होंगे. विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सुबह 11 बजे कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे.

प्रदेश में फिलहाल 133.86 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाने की खेती हो रही है. इसमें 96.43 हेक्टेयर तालाबों और 37.42 हेक्टेयर कम गहरे पानी वाले खेतों में है. कार्यशाला के दौरान किसानों को उन्नत खेती, प्रोसेसिंग, मशीनों के इस्तेमाल, कीट-रोग नियंत्रण और मार्केटिंग से जुड़ी जानकारी दी जाएगी. मखाना उत्पादों और प्रोसेसिंग तकनीक की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी.

छह जिलों में हो रही खेती

धमतरी, रायपुर के आरंग, बालोद, महासमुंद, गरियाबंद और जांजगीर-चांपा प्रदेश के प्रमुख मखाना उत्पादक क्षेत्र बताए गए हैं. इन क्षेत्रों में 15 हेक्टेयर में मखाना बीज उत्पादन का कार्यक्रम भी चल रहा है.

कार्यशाला में राष्ट्रीय मखाना संस्थान, बिहार और लुधियाना के विशेषज्ञों के साथ कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक किसानों और उद्यमियों को जानकारी देंगे. राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की ओर से खेती का रकबा बढ़ाने, बीज उत्पादन, फसल कटाई के बाद प्रबंधन, प्रोसेसिंग, मार्केटिंग और एक्सपोर्ट के लिए अनुदान तथा अन्य सहायता दी जा रही है. कार्यशाला में इन योजनाओं और नई तकनीकों की जानकारी भी साझा की जाएगी.