छत्तीसगढ़ के चर्चित मैनपावर सप्लाई मामले में आरोपी पूर्व आबकारी MD अरुणपति त्रिपाठी को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है. अदालत ने उनकी जमानत याचिका स्वीकार कर ली. त्रिपाठी करीब 95 दिनों से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद थे.
यह मामला छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के तहत सरकारी शराब दुकानों में कर्मचारियों की मैनपावर सप्लाई और ओवरटाइम भुगतान से जुड़ा है. जांच एजेंसियों के मुताबिक, 2019-20 से 2023-24 के बीच मैनपावर एजेंसियों को ओवरटाइम, बोनस, चार अतिरिक्त कार्य दिवस और सर्विस चार्ज के नाम पर करीब 182.98 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भुगतान किया गया.
जांच एजेंसियों का आरोप है कि प्लेसमेंट एजेंसियों ने फर्जी या बढ़े हुए रिकॉर्ड के आधार पर बिल तैयार किए. इन बिलों के आधार पर सरकारी खजाने से वास्तविक भुगतान से अधिक रकम जारी कराई गई, जबकि कर्मचारियों को संबंधित मदों का पूरा लाभ नहीं मिला. जांच में त्रिपाठी के कार्यकाल के दौरान करीब 152.40 करोड़ रुपए के अतिरिक्त भुगतान की बात भी सामने आने का दावा किया गया है.
28.80 लाख रुपए नकद मिलने के बाद जांच
मामले की जांच 29 नवंबर 2023 को शुरू हुई, जब ED की रायपुर कार्रवाई में तीन लोगों से 28.80 लाख रुपए नकद जब्त किए गए. एजेंसी को संदेह था कि रकम मैनपावर एजेंसियों के लंबित बिल पास कराने के बदले कथित कमीशन से जुड़ी हो सकती है. इसके बाद EOW और ACB ने केस दर्ज कर जांच शुरू की.
EOW-ACB ने मैनपावर एजेंसियों के संचालकों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की है. आरोपियों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अलावा धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में कार्रवाई की गई है.
जमानत मिलने से त्रिपाठी आरोपों से बरी नहीं हुए हैं. आरोपों की पुष्टि या खारिज होने का फैसला ट्रायल के दौरान पेश किए जाने वाले सबूतों के आधार पर होगा.
