छत्तीसगढ़ मंत्रालय में सचिवालय सेवा के उप सचिव और अवर सचिव स्तर के 22 अधिकारियों की पदस्थापना और विभागीय जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने 25 सितंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया. फेरबदल में गृह, स्वास्थ्य, वित्त, नगरीय प्रशासन, स्कूल शिक्षा और अन्य विभाग शामिल हैं.

उप सचिव डॉ. विवेक श्रीवास को जेल विभाग के साथ गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. मार्टिन लकड़ा को पशुधन विकास एवं मछली पालन विभाग से हटाकर धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. रोमन गंगाकचूर अब वित्त विभाग के बजाय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का काम संभालेंगे.

रामेश्वर प्रसाद वर्मा को स्कूल शिक्षा विभाग से हटाकर सहकारिता विभाग भेजा गया है, जबकि शांता खरे को वित्त विभाग की जगह ग्रामोद्योग विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. मगनलाल पवार को वाणिज्य एवं उद्योग विभाग से हटाकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में पदस्थ किया गया है. रेखा साहू को संसदीय कार्य विभाग से हटाकर जन शिकायत निवारण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है.

महिला एवं बाल विकास विभाग में भी बदलाव

सुभाषचंद कुजूर महिला एवं बाल विकास विभाग में अपनी मौजूदा जिम्मेदारी पर बने रहेंगे. उनके कार्यभार संभालने के बाद लवीना पांडेय को इस विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया जाएगा. उनके पास मौजूद अतिरिक्त जिम्मेदारी भी समाप्त हो जाएगी.

अवर सचिव स्तर पर नई पदस्थापनाएं

अवर सचिव अमितोष जॉन को खाद्य विभाग से हटाकर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग भेजा गया है. सुनीता गौतम को परिवहन विभाग के बजाय सामान्य प्रशासन विभाग के कक्ष-4 की जिम्मेदारी दी गई है. दीपकुमार खेस्स को ग्रामोद्योग से खेल एवं युवा कल्याण विभाग, नूतन अजगर को चिकित्सा शिक्षा से पशुधन विकास एवं मछली पालन विभाग और भोलेनाथ सारथी को वन विभाग से संसदीय कार्य विभाग में पदस्थ किया गया है.

जावे कच्छप को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से हटाकर स्कूल शिक्षा विभाग तथा मंजूषा राजपूत को मछली पालन विभाग से हटाकर योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग भेजा गया है.