छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के सिवनी गांव में कार की चाबी नहीं मिलने से नाराज एक युवक पर पड़ोसी की स्विफ्ट डिजायर में पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगा है. आग में कार पूरी तरह जल गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, सिवनी निवासी राजीव लोचन गुप्ता की बस स्टैंड पर किराना दुकान है. उनके नाम पर पंजीकृत स्विफ्ट डिजायर की बैटरी का चार्ज खत्म हो गया था. इसलिए उन्होंने कार को लॉक करके मुकेश शर्मा के घर के पास खड़ा किया था.

बताया गया है कि गांव का बेटू उर्फ अभिनव शर्मा पेंड्रा जाने के लिए राजीव से कार की चाबी मांगने पहुंचा था. चाबी देने से मना करने पर उसने कथित तौर पर कार में आग लगाने की धमकी दी. आरोप है कि बाद में वह पेट्रोल लेकर आया और कार पर डालकर आग लगा दी.

आग की लपटें उठने पर आसपास के लोगों ने पानी डालकर उसे बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था. प्रत्यक्षदर्शियों के तौर पर सौरभ साहू, दीनदयाल यादव और मिंटू कुशवाहा समेत अन्य लोगों के मौके पर पहुंचने की बात सामने आई है.

घटना के बाद राजीव लोचन गुप्ता ने सिवनी चौकी में शिकायत दी. पुलिस ने बेटू उर्फ अभिनव शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(5) के तहत अपराध दर्ज किया है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.