छत्तीसगढ़ में गर्भवती महिलाओं को समय पर उच्च स्तरीय अस्पताल पहुंचाने वाली रेफरल व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं. रायपुर के डॉ. अंबेडकर अस्पताल में पिछले छह महीनों के दौरान सात जिलों की 12 गर्भवती महिलाओं के गर्भाशय फटने के मामले सामने आए. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, इन मामलों में सभी नवजात मृत पैदा हुए और किसी महिला को भी नहीं बचाया जा सका.
इन 12 मामलों में 11 महिलाएं अलग-अलग जिला अस्पतालों से देर से रेफर होकर अंबेडकर अस्पताल पहुंची थीं. एक महिला पहले से ही अंबेडकर अस्पताल में भर्ती थी. नेहरू मेडिकल कॉलेज ने भी गर्भाशय फटने के इन हालिया मामलों का अध्ययन किया है.
स्वास्थ्य केंद्रों में सीमित आपात सुविधाएं
जमीनी पड़ताल में कई प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रसव के दौरान स्थिति बिगड़ने पर तत्काल इलाज की सीमित व्यवस्था सामने आई. कई केंद्रों में आपातकालीन सुविधा के नाम पर केवल ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं. ब्लड बैंक, आईसीयू, सोनोग्राफी और स्त्री रोग विशेषज्ञों की कमी बताई गई है. कुछ स्थानों पर डॉक्टर ऑन कॉल रहते हैं, जिससे जटिल स्थिति में मरीज को बड़े अस्पताल भेजना ही विकल्प बचता है.
रायपुर के माना आयुष्मान आरोग्य मंदिर में हर महीने औसतन दो से चार सामान्य प्रसव होते हैं. वहां ब्लड बैंक, सोनोग्राफी और आईसीयू की सुविधा नहीं मिली. ऑपरेशन थिएटर में एक ऑक्सीजन सिलेंडर था, जबकि प्रसव के बाद महिलाओं के लिए बने वार्ड में दवाओं का स्टॉक और अन्य सामान रखा हुआ था.
मंदिर हसौद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हर महीने 50 से अधिक सामान्य प्रसव और 30 से 35 हाईरिस्क गर्भवतियों को रेफर किए जाने की जानकारी दी गई. पड़ताल के दौरान प्रसूता वार्ड के बिस्तरों पर चादर नहीं मिली. यहां भी ब्लड बैंक और आईसीयू की सुविधा नहीं है.
रेफरल पर्चियों में भी जानकारी अधूरी
जांच की गई कई रेफरल पर्चियों में मां और गर्भस्थ शिशु की धड़कन, ब्लड प्रेशर तथा दी गई दवाओं का विवरण दर्ज नहीं था. कुछ दूरस्थ केंद्रों से मौखिक रूप से रेफर किए जाने की बात भी सामने आई. रिपोर्ट के अनुसार, पिछले आठ महीनों में 125 से अधिक प्रसव एंबुलेंस के भीतर हुए.
विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रसव में रुकावट के मामलों में 18 से 20 घंटे तक सामान्य प्रसव की कोशिश और देर से रेफरल जोखिम बढ़ा सकता है. ग्रामीण क्षेत्रों में अप्रशिक्षित लोगों द्वारा ऑक्सीटोसिन के गलत इस्तेमाल की बात भी सामने आई है.
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि हाईरिस्क गर्भवतियों के लिए रेफरल व्यवस्था मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है. सरकार ने ऐसे 116 केंद्र चिन्हित किए हैं, जहां हाईरिस्क गर्भावस्था में सुरक्षित प्रसव की सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा किया गया है.
