छत्तीसगढ़ में मेडिकल पीजी प्रवेश के लिए एमडी-एमएस काउंसिलिंग के दूसरे राउंड की सूची जारी कर दी गई है. इस राउंड में 299 अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की गई हैं. इनमें 40 अभ्यर्थियों की सीट अपग्रेड हुई है, यानी उन्हें पहले राउंड की तुलना में बेहतर विकल्प वाले मेडिकल कॉलेज में सीट मिली है.
दूसरे राउंड में 97 नई सीटें भी शामिल की गई हैं. ये सीटें पहले राउंड की काउंसिलिंग के दौरान स्वीकृत हुई थीं. नई सीटों के लिए आरक्षण रोस्टर के आधार पर कोटा तय किया गया. इसके बाद रजिस्ट्रेशन और च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी होने पर पहले राउंड में खाली रह गई सीटों को भी अलॉटमेंट में शामिल किया गया.
25 से 30 नवंबर तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया
दूसरे राउंड में सीट पाने वाले अभ्यर्थियों को 25 से 30 नवंबर तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, स्क्रूटनी और एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. प्रवेश के बाद खाली रहने वाली सीटों के लिए मॉपअप राउंड आयोजित किया जाएगा.
पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में पैलिएटिव केयर के नए कोर्स को भी मंजूरी मिली है.
नर्सिंग पाठ्यक्रमों की मेरिट लिस्ट जारी
नर्सिंग प्रवेश के लिए भी मेरिट लिस्ट जारी की गई है. बीएससी नर्सिंग के लिए 3,840, पोस्ट बेसिक नर्सिंग के लिए 197 और डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक के लिए तीन अभ्यर्थियों की सूची जारी हुई है. एमएससी नर्सिंग के लिए करीब 300 अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट जारी की गई है.
