छत्तीसगढ़ के खनन प्रभावित क्षेत्रों में जिला खनिज न्यास (DMF) की राशि स्थानीय जरूरतों और जनकल्याण से जुड़े कामों पर खर्च करने की तैयारी है. राज्य स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में मुख्य सचिव विकास शील ने जिलों को स्थानीय आवश्यकताओं का सर्वे कर तीन वर्ष की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए.

रायपुर स्थित मंत्रालय में हुई बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि DMF राशि खर्च करने का उद्देश्य केवल व्यय पूरा करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना होना चाहिए. उन्होंने गांवों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और अधूरे विकास कार्यों का आकलन करने को कहा.

अधिकारियों को राज्य बजट की योजनाओं और DMF से प्रस्तावित कार्यों का मिलान करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि एक ही काम पर दोहरा खर्च न हो. पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, महिला एवं बाल कल्याण, कौशल विकास और कृषि क्षेत्रों में पहले किए गए कार्यों के वास्तविक लाभ का आकलन करने पर भी जोर दिया गया.

वित्तीय वर्ष के अंत में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों के सामने DMF के कार्यों और खर्च का विवरण रखने को कहा गया है. पारदर्शिता के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों और सामुदायिक भवनों जैसी सार्वजनिक परिसंपत्तियों पर QR कोड लगाए जाएंगे. इन्हें स्कैन कर नागरिक संबंधित विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ और प्रमुख सचिव डॉ. रोहित यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.