छत्तीसगढ़ की महिला-बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नाम से लोगों को WhatsApp संदेश भेजकर पैसे मांगने का मामला सामने आया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनके अकाउंट से मदद के नाम पर ₹32 हजार की मांग की गई. मंत्री के PA ओमप्रकाश राजवाड़े के WhatsApp अकाउंट से भी ₹52 हजार मांगने वाले संदेश भेजे गए.
मामले का पता तब चला, जब मंत्री के एक परिचित ने उन्हें फोन कर उनके नाम से भेजे जा रहे पैसों की मांग वाले संदेशों की जानकारी दी. इसके कुछ समय बाद ओमप्रकाश राजवाड़े को भी उनके अकाउंट से भेजे जा रहे संदेशों के बारे में बताया गया. संदेशों में UPI ब्लॉक होने का हवाला देकर ऑनलाइन भुगतान करने को कहा गया था.
मंत्री ने लोगों से सतर्क रहने को कहा
अकाउंट हैक होने की जानकारी मिलने के बाद लक्ष्मी राजवाड़े ने लोगों से उनके नाम से आने वाले संदिग्ध संदेशों पर भरोसा नहीं करने की अपील की. उन्होंने किसी भी बारकोड को स्कैन कर पैसे नहीं भेजने को कहा है. मामले की जानकारी साइबर थाना पुलिस को दी गई है और पुलिस जांच कर रही है.
यह छत्तीसगढ़ में जनप्रतिनिधियों के WhatsApp अकाउंट से जुड़ा ऐसा पहला मामला नहीं है. 23 सितंबर को राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम के अकाउंट से छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रभारी उषा संतोष राठौर को ₹65 हजार मांगने वाला संदेश भेजे जाने की जानकारी सामने आई थी. सांसद ने बाद में अकाउंट हैक होने की बात बताकर लोगों से निजी जानकारी साझा नहीं करने की अपील की थी.
उसी दिन पाली-तानाखार से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के विधायक तुलेश्वर मरकाम के अकाउंट से भी परिचितों को ₹76 हजार मांगने वाले संदेश भेजे गए थे. इससे पहले 8 अगस्त को पूर्व कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह के नाम से UPI बंद होने का हवाला देकर ₹28 हजार मांगे गए थे. इस मामले में उन्होंने रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज का WhatsApp अकाउंट भी पहले हैक हो चुका है. इन मामलों में ठगों ने जनप्रतिनिधियों के परिचितों को भरोसे में लेकर भुगतान कराने की कोशिश की.
