रायपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में भाजपा की ओर से प्रदेशभर में सेवा कार्यक्रम और दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी है. 17 सितंबर की शाम रायपुर के मरीन ड्राइव में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम प्रस्तावित है. भाजपा इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ और जनभागीदारी से जोड़ रही है, जबकि कांग्रेस ने आयोजन के तरीके और संभावित सरकारी खर्च को लेकर सवाल उठाए हैं.
भाजपा नेताओं के अनुसार, प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक महीने तक सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोगों से शाम 7 बजे अपने घरों में एक दीप जलाने की अपील की है. प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान और अन्य सेवा गतिविधियां प्रस्तावित हैं.
रायपुर के मरीन ड्राइव पर 25 लाख दीये जलाने की जानकारी सामने आई है. वहीं, प्रदेशभर में 36 लाख दीये जलाने के फैसले को लेकर भी राजनीतिक बहस शुरू हो गई है. बिलासपुर में दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपने और जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर जैसे कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. भिलाई, अंबिकापुर, रायगढ़ और बस्तर क्षेत्र में भी अलग-अलग सेवा गतिविधियां आयोजित किए जाने की बात कही गई है.
कांग्रेस ने खर्च और प्रशासनिक भूमिका पर सवाल उठाए
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आयोजन को राजनीतिक कार्यक्रम बताते हुए कहा कि इतने बड़े पैमाने पर दीप जलाने से जनता के सामने मौजूद मुद्दों से ध्यान भटक सकता है. उन्होंने प्रदेश में 36 लाख दीये जलाने के फैसले के उद्देश्य पर सवाल उठाया है.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूछा है कि यदि यह भाजपा का संगठनात्मक कार्यक्रम है तो सरकारी विभागों और कलेक्टरों को इसकी तैयारियों में क्यों लगाया जा रहा है. उन्होंने दीये, बाती और तेल की खरीद के लिए इस्तेमाल किए जा रहे मद की जानकारी मांगी और कहा कि सरकारी संसाधनों या सरकारी धन से खर्च होने पर उसका हिसाब जनता को दिया जाना चाहिए. बघेल ने जरूरत पड़ने पर विधानसभा में संबंधित खर्च का मुद्दा उठाने की बात कही है.
रायपुर में यातायात व्यवस्था बदलेगी
कार्यक्रम को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन की जानकारी दी है. तेलीबांधा थाना तिराहा, कटोरा तालाब चौक, अनुपम नगर चौक, शास्त्री चौक और इनकम टैक्स कॉलोनी टर्निंग से मरीन ड्राइव की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा.
भगत सिंह चौक से खजाना चौक, शंकर नगर अंडरब्रिज और तेलीबांधा चौक तक यातायात प्रभावित रहने की संभावना है. पार्किंग के लिए गॉस मेमोरियल ग्राउंड, अंबेडकर चौक की मल्टी लेवल पार्किंग, ऑक्सीजोन के पास की सड़क, शांति नगर विमटारा रोड, सूर्य नमस्कार कैनाल रोड और BTI ग्राउंड शंकर नगर जैसे स्थान बताए गए हैं. पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और प्रभावित मार्गों पर अनावश्यक जाने से बचने की अपील की है.
