छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बस्तर संभाग के कई इलाकों और रायपुर-दुर्ग संभाग के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई.
सबसे ज्यादा 140 मिलीमीटर वर्षा धनोरा में रिकॉर्ड की गई. बस्तर में 100 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि पखांजूर, नानगुर, कोंडागांव और अंतागढ़ में 90-90 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. दुर्ग, राजनांदगांव और बिलासपुर संभाग में भी अच्छी बारिश हुई.
निम्न दबाव क्षेत्र से बढ़ी मानसूनी गतिविधि
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उसके आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसी मौसम प्रणाली के कारण प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं.
लगातार बारिश के चलते कई जिलों के तापमान में गिरावट आई है. रायपुर में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा. पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ और यह प्रदेश में सबसे कम था.
अगले दो दिनों का पूर्वानुमान
मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार, अगले 24 घंटों में बस्तर संभाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है. इसके बाद बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है. सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है.
