छत्तीसगढ़ में मानसून अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है. 14 सितंबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है. अगले दो दिनों में भी कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. बस्तर संभाग में कुछ जगह तेज बारिश दर्ज की गई. बड़े बचेली और कोंटा में सबसे ज्यादा 80-80 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई.
मॉडमसिल्ली बांध में दो लोगों की मौत
धमतरी के मॉडमसिल्ली बांध में 12 सितंबर की देर शाम मछली पकड़ने के दौरान मामा-भांजे तेज बहाव में बह गए. दोनों गेदारापारा के रपटा के पास मौजूद थे. जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति का पैर फिसलने के बाद उसे बचाने की कोशिश में दूसरा भी बह गया. रविवार को तलाश के दौरान दोनों के शव घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में मिले.
गंगरेल बांध से 33 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया
बारिश के बाद महानदी का जलस्तर बढ़ गया है. जल संसाधन विभाग के मुताबिक, शनिवार शाम 7 बजे गंगरेल बांध के छह गेट खोलकर महानदी में 33,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था. कैचमेंट क्षेत्र से बांध में इतनी ही मात्रा में पानी की आवक बनी हुई थी. इससे पहले 11 सितंबर की आधी रात को नौ गेट खोलकर 53,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था. राजिम के त्रिवेणी संगम में भी उफान की स्थिति बनी.
12 सितंबर तक राज्य में 1,001 मिलीमीटर बारिश हुई, जो इस अवधि के औसत 1,041.1 मिलीमीटर से 4% कम है. प्रदेश के 46 प्रमुख और मध्यम जलाशयों में औसत जलभराव 91.10% पहुंच गया है. इनमें सात जलाशय पूरी तरह भर चुके हैं और 18 में 90% से ज्यादा पानी है.
रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारों का अनुमान है. यहां दिन का तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
