छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 3 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून लौट चुका है. अगले दो-तीन दिनों में राज्य के कुछ और इलाकों से इसकी विदाई हो सकती है. मानसून की वापसी के बाद मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने और गर्मी-उमस बढ़ने का अनुमान है.
सामान्य से अधिक हुई बारिश
इस मानसून सीजन में छत्तीसगढ़ में 1,194.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 1,141.2 मिलीमीटर है. इस तरह राज्य में सामान्य से 4.7 प्रतिशत यानी करीब 5 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई. शुरुआत धीमी रहने के बाद जुलाई में बारिश ने रफ्तार पकड़ी. जुलाई में सामान्य 375.5 मिलीमीटर के मुकाबले 494 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो सामान्य का 132 प्रतिशत है. अगस्त में 355.3 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि औसत 364.2 मिलीमीटर था. सितंबर में 208.9 मिलीमीटर के सामान्य औसत के मुकाबले 279.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
राज्य के 33 जिलों में से नौ जिलों—रायपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, नारायणपुर, मुंगेली, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, बलौदाबाजार और बलरामपुर—में सामान्य से अधिक बारिश हुई. सरगुजा में सामान्य से 41 प्रतिशत कम, जबकि जशपुर और बेमेतरा में 36 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई. अन्य जिलों में बारिश सामान्य रही.
इस सीजन में 31 जुलाई और सितंबर के अंतिम सप्ताह में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात और जलभराव हुआ. कच्चे मकानों और फसलों को नुकसान पहुंचा तथा राहत-बचाव के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात करनी पड़ीं.
4 अक्टूबर को किसी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई. अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. रायपुर में आसमान साफ रहने तथा अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
