छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू होने के संकेत मिले हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में राज्य के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. इस दौरान प्रदेश के अधिकतर इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून की वापसी की रेखा लगातार आगे बढ़ रही है. अगले 48 घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश के अधिकतर हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों से भी मानसून की विदाई के लिए स्थितियां बेहतर होने की संभावना है.

अगले दो दिन बारिश की गतिविधियां सीमित

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह शुष्क दर्ज किया गया. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दो दिनों में बारिश की गतिविधियां काफी सीमित रहेंगी. विभाग ने छत्तीसगढ़ के किसी भी जिले के लिए वर्षा या अन्य मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है.

राजधानी रायपुर में 2 अक्टूबर को मौसम साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इससे पहले गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

गुरुवार को राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम था.

बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा. शुष्क मौसम के बीच राज्य के तापमान में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है.