छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के संकेत मिलने लगे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं. बारिश का दौर लगभग थमने के कारण कई इलाकों में गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है.

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान तापमान में विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है और फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं.

पिछले 24 घंटे में बीजापुर को छोड़कर राज्य के सभी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. बीजापुर में हल्की बारिश दर्ज की गई. राजनांदगांव 34.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा.

उत्तर छत्तीसगढ़ के पहाड़ी क्षेत्रों में रात के तापमान में कुछ राहत बनी हुई है. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि मैदानी इलाकों में दिन और रात का तापमान अपेक्षाकृत अधिक बना हुआ है.

रायपुर में गर्मी का असर

मौसम विभाग ने रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है. शहर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है. दो अक्तूबर को भी रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था.