छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, सरगुजा, बिलासपुर और रायपुर संभाग के कुछ हिस्सों से मानसून वापस लौटने लगा है. इसके साथ ही प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने की संभावना है.

मानसून की वापसी के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी और रात में ठंडक बढ़ने के आसार हैं. प्रदेश के कई इलाकों में दिन का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. आने वाले दिनों में बारिश और बादलों की गतिविधियां कम होने पर दिन का पारा और बढ़ सकता है.

हवाओं के रुख में बदलाव के साथ वातावरण में नमी घटेगी और शुष्कता बढ़ेगी. इसके चलते रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है. लोगों को दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंडक एक साथ महसूस हो सकती है.

इस मानसून सीजन में सामान्य से अधिक बारिश

इस मानसून सीजन में छत्तीसगढ़ में सामान्य से 53 मिलीमीटर अधिक बारिश दर्ज की गई है. सितंबर में भी प्रदेश में सामान्य से करीब 34 फीसदी ज्यादा बारिश हुई. लगातार अच्छी बारिश के बाद अब मानसून कमजोर पड़ने और वापस लौटने की प्रक्रिया शुरू हुई है.

मानसून की विदाई के बाद प्रदेश में मौसम अपेक्षाकृत साफ और शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि स्थानीय परिस्थितियों के कारण कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बादल छाने की संभावना बनी रह सकती है.