छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर फिलहाल थम गया है. मौसम विभाग के अनुसार 1 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. अगले दो दिनों में भी बारिश के आसार कम हैं और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
रायपुर में मौसम साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. बुधवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री और न्यूनतम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.
प्रदेश में बारिश नहीं हुई
पिछले 24 घंटे के दौरान लगभग पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में किसी भी स्थान पर महत्वपूर्ण बारिश दर्ज नहीं की गई. इस अवधि में राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 34 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ. पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा. उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में रात के तापमान में गिरावट जारी है.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. इससे मानसून की विदाई का दौर शुरू होने की संभावना है.
इस समय उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार में भी एक मौसम प्रणाली सक्रिय है.
