छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण के लिए चलाए जा रहे ‘मोर गांव-मोर पानी’ अभियान के तहत 1,03,651 स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण कार्य चल रहा है. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, इन कार्यों पर अब तक 2,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं, लेकिन लक्ष्य का करीब 30 प्रतिशत काम अभी पूरा होना बाकी है. अभियान के तहत 70 प्रतिशत कार्य पूरे होने की बात कही गई है.
यह महाअभियान 24 अप्रैल 2025 से शुरू हुआ था. इसके जरिए जल संरक्षण, ग्रामीण रोजगार और आजीविका संवर्धन को एक साथ आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में प्रतिदिन 11 लाख से अधिक ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है. इनमें महिलाओं की हिस्सेदारी 57 प्रतिशत बताई गई है.
आजीविका से जोड़ने पर जोर
कमजोर वर्गों की निजी जमीन पर 13,065 आजीविका डबरियों का निर्माण पूरा किया जा चुका है. इनका इस्तेमाल मत्स्य पालन, बागवानी और दूसरी आयवर्धक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा. ‘नवा तरिया-आय के जरिया’ पहल के तहत 624 सामुदायिक तालाब विकसित किए जा रहे हैं. प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के तहत बने 1.50 लाख से अधिक घरों में हितग्राहियों ने स्वेच्छा से वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया है.
भूजल स्थिति में सुधार का दावा
भूजल संसाधन आकलन-2026 के मुताबिक, अब प्रदेश का कोई भी विकासखंड भूजल दोहन की ‘क्रिटिकल’ श्रेणी में नहीं है. वर्ष 2020 में ऐसे नौ और 2025 में पांच विकासखंड थे. रिपोर्ट में कहा गया है कि 12 विकासखंडों की स्थिति सुधरी है और सुरक्षित विकासखंडों की संख्या बढ़कर 127 हो गई है.
अब सरकार 11 जिलों के 19 अर्ध-संकटग्रस्त विकासखंडों पर ध्यान केंद्रित करेगी. वर्ष 2026-27 के लिए ‘कैच द रेन’ योजना को विकासखंड स्तर के मासिक लक्ष्यों के साथ लागू करने की तैयारी है. रिपोर्ट के अनुसार, वार्षिक भूजल रिचार्ज 11.57 से बढ़कर 14.65 बिलियन घन मीटर हो गया है.
