रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 अक्टूबर को सिंगापुर दौरे के लिए रवाना होंगे. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे 6 अक्टूबर तक सिंगापुर में रहेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री उद्योग समूहों और संभावित निवेशकों के साथ बैठक करेंगे. इन बैठकों में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, उपलब्ध संसाधनों और औद्योगिक विकास के अवसरों पर चर्चा होगी.
मुख्यमंत्री निवेशकों के सामने राज्य में उद्योगों के लिए उपलब्ध अवसरों और संभावनाओं को भी प्रस्तुत करेंगे. दौरे का उद्देश्य राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना बताया गया है.
भाजपा संगठन महामंत्री की रायपुर में बैठक
छत्तीसगढ़ भाजपा के नवनियुक्त संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह 3 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे. जिम्मेदारी संभालने के बाद राजधानी में यह उनका पहला बड़ा संगठनात्मक दौरा होगा. उनके आगमन के बाद 4 अक्टूबर को सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठनात्मक बैठक प्रस्तावित है.
बैठक में प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी, सभी जिलाध्यक्ष और संभाग प्रभारी शामिल होंगे. इसमें संगठन के मौजूदा कार्यक्रमों और ‘सेवा संकल्प अभियान’ समेत अन्य गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी. निवर्तमान संगठन महामंत्री पवन साय के भी बैठक में मौजूद रहने की जानकारी है. सांसदों और विधायकों के साथ अलग बैठक होने की भी संभावना जताई गई है.
रायपुर में अग्रसेन जयंती महोत्सव
रायपुर में 3 और 4 अक्टूबर को दो दिवसीय श्रीअग्रसेन जयंती महोत्सव आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम रिंग रोड नंबर-3 स्थित रोजबे रिसॉर्ट में होगा. आयोजकों के अनुसार, बच्चों और युवाओं के लिए सांस्कृतिक, रचनात्मक और बौद्धिक प्रतियोगिताएं रखी गई हैं.
छह एक्सप्रेस ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
रेलवे के नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली छह एक्सप्रेस ट्रेनों के फेरे अलग-अलग तारीखों में रद्द किए गए हैं. 7 से 17 दिसंबर के बीच हैदराबाद-रक्सौल, तिरुपति-रक्सौल और वास्को डी गामा-जसीडीह एक्सप्रेस प्रभावित रहेंगी.
इसके अलावा 24 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस, नांदेड़-संतरागाछी एक्सप्रेस और पुणे-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस के निर्धारित फेरे भी रद्द किए गए हैं. दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक बदलने के काम के चलते यह असर पड़ेगा.
राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता
बलौदाबाजार में 3 से 6 अक्टूबर तक 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित हो रही है. नेटबॉल अंडर-19 बालक और बालिका वर्ग के कुल 13 खिलाड़ियों का चयन हुआ है. ये खिलाड़ी रायपुर जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे.
