छत्तीसगढ़ में राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम के WhatsApp नंबर से परिचितों, कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को पैसे मांगने वाले संदेश भेजे जाने का मामला सामने आया है. दोनों जनप्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया और फोन के जरिए लोगों को सतर्क किया है. पुलिस मामलों की जांच कर रही है.

सांसद फूलो देवी नेताम के नाम से 65 हजार की मांग

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बुधवार को सांसद फूलो देवी नेताम के WhatsApp नंबर से उनके परिचितों को संदेश भेजे गए. एक संदेश छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रभारी उषा संतोष राठौर को मिला, जिसमें 65 हजार रुपये भेजने को कहा गया था. संदेश में रकम दो घंटे में लौटाने की बात भी कही गई थी.

उषा राठौर ने इसकी जानकारी सांसद को दी. इसके बाद फूलो देवी नेताम ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उनके WhatsApp अकाउंट के साथ छेड़छाड़ हुई है. उन्होंने साथियों, शुभचिंतकों और परिचितों से उनके नंबर से आने वाले किसी भी पैसे संबंधी अनुरोध, कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करने को कहा. सांसद ने निजी जानकारी साझा न करने की अपील भी की और बताया कि अकाउंट को सुरक्षित करने की प्रक्रिया चल रही है.

विधायक मरकाम के नंबर से 76 हजार मांगने का दावा

दूसरे मामले में पाली-तानाखार विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम के नंबर से परिचितों, कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को संदेश भेजे गए. इन संदेशों में 76 हजार रुपये की तत्काल जरूरत बताई जा रही थी.

जानकारी के मुताबिक, विधायक के पास पहले पार्सल से जुड़ी WhatsApp कॉल आई थी. बातचीत के कुछ समय बाद उनके WhatsApp नंबर से पैसे मांगने वाले संदेश भेजे जाने लगे. कुछ लोगों ने विधायक से सीधे फोन पर संपर्क किया, जिसके बाद फर्जी संदेश भेजे जाने की जानकारी सामने आई. विधायक ने कहा कि उन्हें पैसों की जरूरत नहीं है और लोगों से ऐसे संदेशों के झांसे में न आने की अपील की.

पुलिस ने साइबर सेल को भेजा मामला

पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के अनुसार, विधायक ने मोबाइल हैक होने की सूचना दी है और मामला साइबर सेल को भेजा गया है. पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी परिचित के नंबर से पैसे मांगने का संदेश आने पर पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर पुष्टि करें.

साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की सलाह दी गई है. अनजान लिंक या APK फाइल न खोलने, OTP और बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की गई है.