छत्तीसगढ़ के 11 लोकसभा क्षेत्रों में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडीएस) के तहत पिछले तीन वित्तीय वर्षों में 2,284 विकास कार्य मंजूर किए गए. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इनमें से 895 कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 1,389 परियोजनाएं अभी अधूरी हैं.
निधि खर्च करने के मामले में रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल और दुर्ग के सांसद विजय बघेल सबसे आगे रहे. बृजमोहन अग्रवाल के क्षेत्र में उपलब्ध कुल राशि में से ₹12.63 करोड़ खर्च हुए, जो 82.17 प्रतिशत है. विजय बघेल ने ₹12.06 करोड़ खर्च किए, जो 82.10 प्रतिशत के बराबर है.
कार्य पूरे होने के मामले में जांजगीर-चांपा क्षेत्र का प्रदर्शन बेहतर रहा. सांसद कमलेश जांगड़े के क्षेत्र में 344 कार्य मंजूर हुए, जिनमें से 254 पूरे हो चुके हैं. कोरबा में सांसद ज्योत्सना महंत के क्षेत्र में 310 में से 136 कार्य पूरे हुए.
कांकेर के सांसद भोजराज नाग इस सूची में सबसे पीछे हैं. उनके क्षेत्र में 87 कार्य मंजूर हुए, जो 11 सांसदों में सबसे कम हैं. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक उन्होंने कुल राशि का 39.46 प्रतिशत यानी करीब ₹6.49 करोड़ खर्च किया है.
अन्य क्षेत्रों में कमलेश जांगड़े ने 76.25 प्रतिशत, महासमुंद की रूप कुमारी चौधरी ने 76.05 प्रतिशत और बस्तर के महेश कश्यप ने 75.62 प्रतिशत राशि खर्च की. कोरबा की ज्योत्सना महंत का खर्च 73.96 प्रतिशत रहा.
बिलासपुर के तोखन साहू ने 69.29 प्रतिशत, सरगुजा के चिंतामणि महाराज ने 69.02 प्रतिशत, रायगढ़ के राधेश्याम राठिया ने 61.26 प्रतिशत और राजनांदगांव के संतोष पांडेय ने 58.68 प्रतिशत राशि खर्च की.
एमपीएलएडीएस के तहत लोकसभा सांसदों को क्षेत्रीय विकास के लिए हर वर्ष पांच करोड़ रुपये की निधि मिलती है. प्रशासनिक मंजूरी, निविदा और जमीन से जुड़ी प्रक्रियाओं के कारण कार्यों में देरी हो सकती है. हालांकि, उपलब्ध तीन-वर्षीय आंकड़े बड़ी संख्या में परियोजनाओं के लंबित रहने की स्थिति दिखाते हैं.
