राजनांदगांव. छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में साइबर ठगी के एक मामले की जांच करते हुए पुलिस ने 14 राज्यों तक फैले नेटवर्क का पता लगाने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क से जुड़े आरोपितों के खिलाफ देशभर में 176 एफआईआर दर्ज हैं. मामले में पश्चिम बंगाल से कथित मुख्य सरगना आदित्य रजक (22) और सुमन वर्मा को गिरफ्तार किया गया है. कृष्णा चौधरी को इससे पहले अगस्त में पकड़ा गया था.

पुलिस के अनुसार, जांच की शुरुआत खड़गांव थाने में दर्ज उस मामले से हुई, जिसमें जनवरी 2026 में एक पीड़िता से ठगी गई 3,12,348 रुपये की रकम नौ बैंक खातों में भेजी गई थी. इनमें से एक म्यूल बैंक खाते में 60 हजार रुपये का लेन-देन मिला. तकनीकी और बैंकिंग विश्लेषण के दौरान इस खाते की कड़ियां दूसरे राज्यों में दर्ज साइबर ठगी के मामलों से जुड़ती चली गईं.

जांच में कर्नाटक में 54, बिहार में 46, तेलंगाना में 28, उत्तर प्रदेश में 10, केरल में आठ, महाराष्ट्र में सात, हरियाणा और तमिलनाडु में छह-छह, दिल्ली में चार और पश्चिम बंगाल में तीन एफआईआर का पता चला. अंडमान-निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और राजस्थान में भी एक-एक मामला दर्ज मिला. मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में नेटवर्क से जुड़ी 31 शिकायतें सामने आई हैं.

पुलिस का कहना है कि आरोपित लगातार ठिकाने बदल रहे थे. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पश्चिम बंगाल में किराए के मकान के तहखाने से गिरफ्तारी की गई. तीनों आरोपितों को अदालत में पेश किया जा चुका है. पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और खाते में हुए लेन-देन की जांच कर रही है. पुलिस ने कहा कि इस खाते में अब तक आई कुल रकम का आकलन अभी नहीं हो सका है. आरोपितों पर लगे आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में होगी.