छत्तीसगढ़ में पिछले तीन वर्षों के दौरान नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिलने का दावा किया गया है. इनमें से कई परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है और करीब पौने दो लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद जताई गई है. राज्य सरकार पारंपरिक कोयला, इस्पात और सीमेंट उद्योगों के साथ आईटी, सेमीकंडक्टर, फार्मा, टेक्सटाइल और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा दे रही है.

औद्योगिक विकास नीति 2024-2030 के तहत ग्रीन स्टील, आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक्सटाइल तथा फूड प्रोसेसिंग को प्रोत्साहन दिया जा रहा है. प्रदेश में करीब 1,100 करोड़ रुपये की सेमीकंडक्टर परियोजना पर काम चल रहा है. वहीं, नवा रायपुर में टेक्नोलॉजी हब और इंडस्ट्री एक्सीलेंस हब विकसित करने के लिए बुनियादी ढांचे और औद्योगिक सुविधाओं पर काम किया जा रहा है.

रेल नेटवर्क और नए निवेश पर जोर

राज्य में 51,080 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं. इनके पूरा होने से परिवहन लागत घटने, ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिलने और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होने की उम्मीद है. सरकार के अनुसार, रेल कनेक्टिविटी से युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर भी बढ़ सकते हैं.

रायपुर के उरला और सिलतरा, भिलाई-दुर्ग का बोरई, बिलासपुर का सिरगिट्टी और कोरबा प्रमुख औद्योगिक व खनिज क्षेत्र हैं. राज्य के कुल उद्यमों में 71 प्रतिशत से अधिक सेवा क्षेत्र से जुड़े बताए गए हैं.

नवा रायपुर में राज्य की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण इकाई स्थापित की जा रही है. इसमें 152.74 करोड़ रुपये के निवेश और करीब 3,500 युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है. यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड की ओर से भी 150 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव बताया गया है, जिससे 3,500 से अधिक रोजगार मिलने की संभावना है.

ग्रीन स्टील क्षेत्र में 13,840 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से 10,921 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है. इसके अलावा, 41,750 करोड़ रुपये के एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस से जुड़े प्रस्तावों पर सहमति बनने की जानकारी दी गई है.

राज्य सरकार वन आधारित संसाधनों—इमली, महुआ, चिरौंजी और औषधीय उत्पादों—के प्रसंस्करण पर भी जोर दे रही है. इससे वनांचल और जनजातीय परिवारों के लिए आय व स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने का लक्ष्य है. उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि नई औद्योगिक नीति से निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं.