छत्तीसगढ़ में नीट यूजी 2026 के तहत एमबीबीएस और बीडीएस में प्रवेश के लिए तीसरे चरण की काउंसलिंग 1 अक्टूबर से शुरू होगी. इस चरण में कुल 424 रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा. इनमें एमबीबीएस की 203 और बीडीएस की 221 सीटें शामिल हैं.

चिकित्सा शिक्षा संचालनालय के जारी कार्यक्रम के अनुसार नए अभ्यर्थी 1 अक्टूबर सुबह 11 बजे से 6 अक्टूबर रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे. पहले से पंजीकृत सभी पात्र अभ्यर्थियों को भी इस चरण में नए सिरे से च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग करनी होगी. यह प्रक्रिया 7 अक्टूबर रात 11:59 बजे तक चलेगी. पिछले चरण में भरी गई च्वाइस इस चरण के लिए मान्य नहीं होगी. च्वाइस नहीं भरने पर सीट आवंटित नहीं की जाएगी.

प्रदेश के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की कुल 3,025 सीटें हैं. दूसरे चरण के बाद 2,822 सीटों पर प्रवेश हो चुका है और 203 सीटें खाली हैं. इनमें सरकारी कॉलेजों की 17 और निजी कॉलेजों की 186 सीटें शामिल हैं.

बीडीएस की 221 रिक्त सीटों में शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर की 31 और निजी कॉलेजों की 190 सीटें हैं. सरकारी कॉलेज की रिक्त सीटों में एक एक्स-सर्विसमैन, नौ अनारक्षित, चार एससी और 17 एसटी सीटें शामिल हैं.

आवेदन में संशोधन अंतिम तिथि तक बिना शुल्क किया जा सकेगा. सरकारी मेडिकल कॉलेज का विकल्प चुनने वाले अभ्यर्थी यदि निजी कॉलेज भी च्वाइस में जोड़ते हैं, तो पंजीयन शुल्क के अंतर की राशि अतिरिक्त देनी होगी. सीट आवंटन के बाद प्रवेश नहीं लेने या सीट छोड़ने पर जमा पंजीयन राशि जब्त की जा सकती है. विभाग ने प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी करने और बिचौलियों या फर्जी संस्थाओं से सावधान रहने की सलाह दी है.