छत्तीसगढ़ में नीट यूजी काउंसलिंग के तीसरे चरण यानी मॉप-अप राउंड की सीट आवंटन सूची जारी कर दी गई है. राज्य में एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों की कुल 431 सीटें रिक्त हैं. इनमें एमबीबीएस की 206 और बीडीएस की 225 सीटें शामिल हैं.
सीट आवंटित होने वाले अभ्यर्थियों को 12 से 15 अक्टूबर तक दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन कराने के साथ आवंटित संस्था में प्रवेश लेना होगा. दस्तावेज सत्यापन की अंतिम समय-सीमा 15 अक्टूबर शाम 4 बजे और कॉलेज में प्रवेश की अंतिम समय-सीमा शाम 5 बजे निर्धारित की गई है.
स्क्रूटनी और प्रवेश प्रक्रिया 12 अक्टूबर सुबह 10 बजे से शुरू होगी. निर्धारित अवधि में आने वाले अवकाश के दिनों में भी संबंधित केंद्र खुले रहेंगे. अभ्यर्थियों को तय केंद्र पर स्वयं उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा. समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर प्रवेश का अवसर समाप्त हो सकता है.
किस केंद्र पर होगा सत्यापन
शासकीय मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में सीट पाने वाले अभ्यर्थियों का सत्यापन संबंधित कॉलेज में किया जाएगा. निजी मेडिकल कॉलेजों में आवंटित अभ्यर्थियों की स्क्रूटनी नवा रायपुर के उपरवारा स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान भवन में होगी.
निजी डेंटल कॉलेजों में आवंटित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में किया जाएगा.
तीसरे चरण में सीट मिलने के बाद प्रवेश न लेने या प्रवेश लेने के बाद सीट छोड़ने पर नियमानुसार जमा सिक्योरिटी या पंजीयन राशि जब्त की जा सकती है. ऐसे अभ्यर्थियों को चालू शैक्षणिक सत्र की आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया से भी बाहर किया जा सकता है. काउंसलिंग से संबंधित निर्देश चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं.
