राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर दौरे पर रहेंगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह 11 बजे मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी. इसके बाद दोपहर 12:45 बजे सिरहासार भवन में आयोजित बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार को संबोधित करेंगी. राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा में भी शामिल होंगी.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी राष्ट्रपति के साथ बस्तर दौरे पर रहेंगे. वह सुबह 8:40 बजे रायपुर एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे. सुबह 10:50 बजे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना और 11:20 बजे मुरिया दरबार कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है. दोपहर 12:10 बजे वह लालबाग मैदान में आयोजित बस्तर दशहरा कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. मुख्यमंत्री के दोपहर 3 बजे जगदलपुर से रवाना होकर शाम 4:15 बजे रायपुर पहुंचने का कार्यक्रम तय है.

कोटवारों का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के आह्वान पर प्रदेश के करीब 16 हजार कोटवार चार सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे. प्रदर्शनकारी नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर जुटेंगे. उनकी प्रमुख मांगों में कोटवारों का नियमितीकरण और राजस्व विभाग में संविलियन शामिल है. आंदोलन के दूसरे चरण में मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपा जाएगा. इससे पहले 3 जुलाई 2026 को तहसील स्तर पर प्रदर्शन किया गया था.

बीजापुर में मतदाता सूची का प्रकाशन

बीजापुर जिले के नगर पंचायत भैरमगढ़ और भोपालपटनम की प्रारंभिक मतदाता सूची 23 अक्टूबर को प्रकाशित होगी. नाम जोड़ने, संशोधन या नाम हटाने के लिए 23 से 30 अक्टूबर तक दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी. त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव 2026 के तहत 11 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों की मतदाता सूचियां भी प्रकाशित होंगी. इन पर 30 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक आपत्ति दी जा सकेगी.