छत्तीसगढ़ के नर्सिंग कॉलेजों में खाली सीटों पर प्रवेश के लिए स्ट्रे राउंड काउंसिलिंग 27 नवंबर से शुरू होगी. ऑनलाइन आवेदन 27 नवंबर सुबह 11 बजे से 28 नवंबर दोपहर 2 बजे तक किए जा सकेंगे.

इस राउंड में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग की बची सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा. काउंसिलिंग में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों को नए सिरे से ऑनलाइन आवेदन करना होगा.

आवेदनों की जांच और प्रवेश प्रक्रिया 29 से 30 नवंबर तक पूरी की जाएगी. इससे पहले दूसरे और तीसरे मॉपअप राउंड की काउंसिलिंग 25 और 26 नवंबर को पूरी हुई थी. इन राउंड के बाद बची सीटों के लिए स्ट्रे राउंड आयोजित किया जा रहा है.

आरक्षण और पात्रता में बदलाव

राज्य काउंसिलिंग समिति और संचालनालय चिकित्सा शिक्षा के अनुसार, इस राउंड में बची सभी आरक्षित सीटों को अनारक्षित बिना संवर्ग में बदल दिया गया है. सरकारी नर्सिंग कॉलेजों की सभी खाली सीटें अनारक्षित महिला संवर्ग की होंगी.

राज्य शासन की अनुमति के बाद बीएससी नर्सिंग में 10 परसेंटाइल तक अंक पाने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे. यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग के लिए है. एमएससी नर्सिंग और अन्य पाठ्यक्रमों पर यह नियम लागू नहीं होगा.

आवेदन, सीट अलॉटमेंट और प्रवेश से जुड़ी जानकारी संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की वेबसाइट cgdme.in पर जारी की जाएगी. उम्मीदवारों को वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है.