छत्तीसगढ़ में नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के आह्वान पर नर्सिंग कर्मचारी 18 नवंबर से 9 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे. चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत काम करने वाले नियमित, संविदा और डेली वेजेस स्टाफ नर्स इस आंदोलन में शामिल होने की बात कही गई है.

प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों के कैंपस में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदर्शन किया जाएगा. संघ की प्रमुख मांगों में वर्ष 2018 में गठित कमेटी की रिपोर्ट लागू करना और संविदा, डेली वेजेस तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों का नियमितीकरण शामिल है.

इसके अलावा नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड पे का आदेश जारी करने की मांग भी की जा रही है. संघ का कहना है कि इन मांगों को लेकर लंबे समय से शासन और विभाग के सामने बात रखी जा रही है, लेकिन अब तक ठोस निर्णय नहीं हुआ है.

स्वास्थ्य मंत्री और चिकित्सा शिक्षा आयुक्त को दी सूचना

रायपुर और राजनांदगांव के संघ पदाधिकारियों ने आंदोलन की जानकारी स्वास्थ्य मंत्री को दोबारा दी है. आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय को भी अनिश्चितकालीन आंदोलन की सूचना दी गई है. पदाधिकारियों के अनुसार, उन्हें बताया गया कि वर्ष 2018 की कमेटी की अनुशंसाओं पर काम चल रहा है. संघ ने इस जवाब को संतोषजनक नहीं माना और आंदोलन का निर्णय लिया.

संघ ने कहा है कि आंदोलन शुरू होने के 2 से 3 दिनों के भीतर ग्रेड पे का आदेश जारी नहीं हुआ तो प्रदर्शन तेज किया जाएगा. स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय में कार्यरत नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारियों को भी इसमें शामिल करने की बात कही गई है.

21 नवंबर को नया रायपुर के धरना प्रदर्शन स्थल पर नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारियों को जुटने का आह्वान किया गया है. संघ पदाधिकारियों ने बताया कि वहां से मुख्यमंत्री के घेराव की तैयारी की जाएगी.