छत्तीसगढ़ में प्रवेश वर्ष 2026 के चार नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए स्ट्रे राउंड काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है. राज्य काउंसिलिंग समिति और संचालनालय चिकित्सा शिक्षा, छत्तीसगढ़ के अनुसार इस चरण में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को नए सिरे से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा.
अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से 28 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक संचालनालय की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे. आवेदनों की स्क्रूटनी और प्रवेश प्रक्रिया 29 से 30 नवंबर 2026 तक पूरी की जाएगी. सीट आवंटन और प्रवेश से जुड़ी आगे की सूचनाएं भी संचालनालय की वेबसाइट पर जारी होंगी.
किन पाठ्यक्रमों के लिए मौका
स्ट्रे राउंड में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग की खाली सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा. इन पाठ्यक्रमों के लिए द्वितीय और तृतीय यानी मॉपअप संयुक्त चरण की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 25 और 26 नवंबर को पूरी हुई थी. इसके बाद बची सीटों के लिए नया चरण शुरू किया जा रहा है.
समिति के मुताबिक संयुक्त चरण के बाद रिक्त सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के तहत बदलाव किया गया है. सभी रिक्त आरक्षित सीटों को ‘अनारक्षित बिना संवर्ग’ में परिवर्तित किया गया है. नए आवेदन में संबंधित पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटें इसी श्रेणी में होंगी. सरकारी नर्सिंग कॉलेजों की सभी खाली सीटें ‘अनारक्षित महिला संवर्ग’ की होंगी.
राज्य शासन की अनुमति के बाद बीएससी नर्सिंग में प्रवेश के लिए 10 परसेंटाइल तक अंक पाने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे. यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग पर लागू होगी. अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए संचालनालय की वेबसाइट cgdme.in नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है.
