छत्तीसगढ़ में ऑयल पाम की खेती का दायरा लगातार बढ़ रहा है. केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से यह उद्यानिकी फसल बस्तर से सरगुजा तक 33 जिलों में पहुंच चुकी है. विभाग के अनुसार, ऑयल पाम किसानों के लिए लंबे समय तक आय का स्रोत बन सकता है.
ऑयल पाम में तीसरे साल से उत्पादन शुरू होने की बात कही गई है. इसके बाद करीब 25 से 30 साल तक लगातार आय का अवसर मिल सकता है. किसान पौधों के बीच अंतरवर्तीय फसलें लेकर अतिरिक्त आमदनी भी कर रहे हैं.
पिछले साल राज्य में 2,800 हेक्टेयर क्षेत्र में ऑयल पाम का पौधरोपण हुआ था. वर्ष 2026-27 के लिए 4,000 हेक्टेयर में पौधरोपण का लक्ष्य तय किया गया है. अब तक 1,630 हेक्टेयर में पौधरोपण पूरा हो चुका है. इस योजना के तहत किसानों को पौधे शत-प्रतिशत अनुदान पर दिए जा रहे हैं.
किसानों को मिल रही सहायता
किसानों को पौधों के अलावा टपक सिंचाई, बोरवेल, पंपसेट, जल संरक्षण संरचना, वर्मी कम्पोस्ट पिट और पौधों को चूहों व अन्य नुकसान से बचाने के लिए वायर मेश पर भी नियमानुसार अनुदान मिलता है. विभाग का जोर केवल पौधरोपण पर नहीं, बल्कि पौधों के विकास, उत्पादन बढ़ाने और किसानों को आर्थिक लाभ दिलाने पर है.
अगले वर्ष खेती का लक्ष्य दोगुना करने की योजना है. इसके लिए जिलों को कार्ययोजना तैयार करने और किसानों को तकनीकी जानकारी, योजना के लाभ तथा अनुदान प्रावधानों से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार इस पहल के जरिए खाद्य तेलों के आयात पर निर्भरता घटाने की दिशा में भी काम कर रही है.
