खाद्य तेलों के आयात पर निर्भरता घटाने के लिए अगस्त 2021 में शुरू किए गए राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम के तहत छत्तीसगढ़ में तय लक्ष्य पूरा नहीं हो सका. प्रदेश में पांच साल के दौरान 16,400 हेक्टेयर में ऑयल पाम लगाने का लक्ष्य था, लेकिन 7,315 किसानों के 10,796 हेक्टेयर में ही पौधरोपण हुआ. यह लक्ष्य का करीब 66% है.

किसानों को सब्सिडी देने के लिए मिले ₹70 करोड़ में से ₹23.81 करोड़ ही बांटे जा सके. यानी करीब ₹46.19 करोड़ वितरित नहीं हुए. उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में अब तक पाम ऑयल की एक बूंद का उत्पादन नहीं हुआ है, क्योंकि प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित नहीं हो सकी.

कई जिलों में पौधों की आपूर्ति अटकी

कई किसान दो से तीन साल से पौधों का इंतजार कर रहे हैं. कुछ जगहों पर पौधों की आपूर्ति नहीं हुई, जबकि कहीं निर्धारित मानक से छोटे पौधे भेजे गए. लोरमी में ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी भानू प्रताप जांगड़े ने कंपनी प्री यूनिक्स को भेजे पत्र में चार किसानों के लिए आए 679 पौधों को अमानक बताया. मांगे गए पौधों की ऊंचाई 3.5 से 4 फीट थी, जबकि भेजे गए पौधे 1.5 से 2 फीट के बताए गए.

बतौली की बेलकोटा रोपणी में 18 हेक्टेयर के लिए 19 किसानों को 2,574 पौधे दिए जाने थे, लेकिन 29 जुलाई को पत्र भेजे जाने के बाद भी आपूर्ति नहीं हुई. दंतेवाड़ा में 15,222 पौधों की मांग की गई थी. वहां समय पर आपूर्ति और पौधों की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई. अंबिकापुर में 16,164 पौधों की जरूरत के संबंध में जून से सितंबर के बीच नौ पत्र और रिमाइंडर भेजे गए, फिर भी पूरी आपूर्ति नहीं हो सकी.

कुछ किसानों को देर से पौधे मिले. कौहाबांधा के एक किसान परिवार ने बताया कि तीन साल पहले आवेदन के बाद पौधे पहुंचे, लेकिन खेत में कीचड़ होने से रोपण मुश्किल हो गया. कारीडोंगरी में 413 पौधे किसानों के घरों के बाहर रखे होने की जानकारी दी गई.

प्रोसेसिंग ढांचा नहीं होने से बढ़ी परेशानी

महासमुंद के भड़ेसर के किसान मुकेश चंद्राकर 2016 से ऑयल पाम की खेती कर रहे हैं. उनके अनुसार 30 एकड़ से सालाना करीब 300 टन पाम फ्रूट मिलता है, जिससे लगभग ₹58.8 लाख की आय होती है. इसी जमीन पर धान से करीब ₹19.5 लाख की आय होने का दावा है. स्थानीय प्रोसेसिंग यूनिट नहीं होने के कारण उन्हें पांच साल तक फल बेचने ओडिशा जाना पड़ा.

रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि लक्ष्य के मुताबिक रोपण और उत्पादन होता तो सालाना करीब 4.1 लाख टन फल मिल सकता था, जिसकी सितंबर की ₹19,500 प्रति टन दर पर कीमत लगभग ₹800 करोड़ होती.

उद्यानिकी विभाग के संचालक लोकेश कुमार ने कहा कि जिन किसानों को पौधे नहीं मिले, वहां खेत की तैयारी, तारबंदी और बोर जैसी व्यवस्थाएं पूरी नहीं थीं. उनके मुताबिक पर्याप्त क्षेत्र में उत्पादन शुरू होने पर प्रोसेसिंग यूनिट लगाई जाएगी.