छत्तीसगढ़ के जनजातीय क्षेत्रों में तिलहन की खेती और किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें 40 से अधिक किसान और वैज्ञानिक शामिल हुए. कार्यशाला भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के भारतीय तिलहन अनुसंधान संस्थान, हैदराबाद के सहयोग से हुई.

कार्यक्रम में किसानों को रामतिल, सूरजमुखी, कुसुम, तिल, अलसी और सरसों के बीज वितरित किए गए. बस्तर, सरगुजा और मैदानी इलाकों से पहुंचे किसानों को उन्नत किस्मों के बीज, वैज्ञानिक तरीके से खेती और फसलों की देखभाल के बारे में जानकारी दी गई.

खेती से जुड़े उत्पादों की तकनीक का प्रदर्शन

किसानों को तिलहन फसलों और उनसे जुड़े उत्पाद तैयार करने की तकनीकों का प्रदर्शन भी दिखाया गया. भारतीय तिलहन अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. आर.के. माथुर ने बेमेतरा में अलसी के डंठल से धागा और कपड़ा बनाने की तकनीक का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि इससे खेती के बाद बचने वाले डंठल का उपयोग हो सकेगा और किसानों के लिए अतिरिक्त आय का जरिया बन सकता है.

कार्यशाला में मिट्टी की सेहत बनाए रखने, खरपतवार नियंत्रण और कृषि मशीनों के इस्तेमाल पर भी प्रशिक्षण दिया गया. वैज्ञानिकों ने खेतों में नई तकनीकों का प्रदर्शन, किसानों को नियमित प्रशिक्षण, फसल के उचित भंडारण और बाजार से बेहतर जुड़ाव पर जोर दिया.

विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा कि तिलहन की पैदावार बढ़ाने के लिए किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियां अपनानी होंगी. इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ खाद्य तेल उत्पादन में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को भी मदद मिल सकती है. कार्यक्रम में डॉ. विवेक त्रिपाठी, डॉ. जी. सुरेश, डॉ. संजय के. द्विवेदी और विभिन्न केंद्रों के वैज्ञानिक मौजूद रहे.