छत्तीसगढ़ में नाम बदलने के लिए अब लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे. नाम में गलती सुधारने या किसी अन्य कारण से नाम बदलने के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल या लोक सेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा. आवेदन से लेकर राजपत्र में नए नाम के प्रकाशन तक की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी करने का प्रावधान किया गया है.

आवेदन के साथ 430 रुपये का भारतीय स्टेट बैंक (SBI) चालान जमा करना होगा. इसके अलावा स्थानीय समाचार पत्र में नाम परिवर्तन की सूचना प्रकाशित करानी होगी. आवेदक को दो गवाहों के नाम, पते और हस्ताक्षर वाला दस्तावेज भी देना होगा. 50 रुपये के स्टाम्प पर नोटरीकृत शपथ पत्र और उसमें उल्लिखित पहचान-पत्रों या अन्य संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां भी आवेदन के साथ जमा करनी होंगी.

आवेदन के बाद ऐसे आगे बढ़ेगी प्रक्रिया

आवेदन जमा होने के बाद आवेदक को एक एआरएन नंबर मिलेगा. इसी नंबर से आवेदन की स्थिति और आगे की प्रक्रिया की जानकारी ली जा सकेगी. सबसे पहले तहसीलदार दस्तावेजों की जांच करेंगे. दस्तावेज सही पाए जाने पर आवेदन एसडीएम के पास भेजा जाएगा. एसडीएम स्तर पर जांच के बाद इसे शासकीय मुद्रणालय भेजने का प्रावधान है.

नाम परिवर्तन की सूचना अंतिम रूप से राजपत्र में प्रकाशित होगी. प्रकाशन के बाद राजपत्र की प्रति ऑनलाइन प्राप्त की जा सकेगी.

सरकार ने प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों के लिए समयसीमा भी तय की है. तहसीलदार स्तर पर सात कार्य दिवस, एसडीएम स्तर पर सात कार्य दिवस और शासकीय मुद्रणालय में 15 कार्य दिवस का प्रावधान है. दस्तावेजों में कोई कमी नहीं होने पर पूरी प्रक्रिया अधिकतम 29 कार्य दिवस में पूरी करने का लक्ष्य है.