छत्तीसगढ़ सरकार ने फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर दूसरी खरीफ फसल लेने वाले किसानों की आदान सहायता बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ करने का प्रावधान किया है. यह सहायता कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ 2026 से लागू होगी.
योजना के तहत दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों को प्रोत्साहित किया जाएगा. पिछले खरीफ मौसम में धान की खेती करने वाले किसान यदि उसकी जगह अधिसूचित वैकल्पिक फसल लेते हैं, तो पंजीयन और रकबे के सत्यापन के बाद उन्हें सहायता मिल सकेगी.
पहले धान के स्थान पर दूसरी फसल लेने वाले किसानों के लिए सहायता राशि 11 हजार रुपये प्रति एकड़ थी. वहीं, जो किसान पहले से दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो-कुटकी, रागी या कपास जैसी फसलें उगा रहे हैं, उनके लिए 10 हजार रुपये प्रति एकड़ सहायता का प्रावधान बताया गया है.
लाभ लेने के लिए किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल और संबंधित कृषि पंजीयन व्यवस्था में पंजीकरण जरूरी होगा. पात्रता के लिए फसल का रकबा सत्यापन भी किया जाएगा. सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने, खेती को अधिक टिकाऊ बनाने और राज्य में दलहन-तिलहन तथा मोटे अनाज का उत्पादन बढ़ाना है.
