छत्तीसगढ़ में धान की खेती के क्षेत्रफल का अब तकनीक आधारित और वैज्ञानिक तरीके से आकलन किया जाएगा. इसके लिए छत्तीसगढ़ खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय और छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीजीसीओएसटी) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है.

इस पहल के तहत धान की खेती वाले क्षेत्रों की मैपिंग और सत्यापन के लिए सैटेलाइट इमेजरी, रिमोट सेंसिंग और भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे धान के वास्तविक रकबे की पहचान के लिए डिजिटल और डेटा आधारित व्यवस्था तैयार करने में मदद मिलेगी.

योजना में जियो-रेफरेंस्ड भूखंडों का सैटेलाइट इमेजरी से मिलान किया जाएगा. इसके आधार पर संबंधित भूखंडों में धान की फसल मौजूद है या नहीं, इसका सत्यापन किया जाएगा.

विशेष क्षेत्रों की भी होगी मैपिंग

एमओयू के तहत वन अधिकार अधिनियम (FRA) और डुबान क्षेत्रों में मौजूद कृषि भूमि की डिजिटल पहचान और मैपिंग को भी मजबूत किया जाएगा. इससे ऐसे क्षेत्रों से जुड़े कृषि रकबे का रिकॉर्ड अधिक व्यवस्थित तरीके से तैयार करने में सहायता मिल सकती है.

इस तकनीकी व्यवस्था का उद्देश्य धान उपार्जन प्रणाली को अधिक सटीक, पारदर्शी और डेटा आधारित बनाना है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इससे खेती के क्षेत्रफल के आकलन और फसल सत्यापन की प्रक्रिया को बेहतर करने पर जोर रहेगा.