छत्तीसगढ़ सरकार ने धान किसानों के लिए सहायता राशि की गणना का तरीका बदलने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अनुसार, अब पात्र किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल की जगह 15 क्विंटल धान बेचते हैं, तब भी उन्हें 21 क्विंटल तक की पूरी अंतर राशि का लाभ मिल सकेगा. यह सहायता कृषक उन्नति योजना के तहत दी जाएगी.
सरकार के मुताबिक, पात्र किसानों को अधिकतम ₹13,839 प्रति एकड़ सहायता मिलेगी. यह राशि धान की निर्धारित दर ₹3,100 प्रति क्विंटल और कॉमन ग्रेड धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2,441 प्रति क्विंटल के बीच के ₹659 अंतर के आधार पर तय की गई है. 21 क्विंटल पर यह अंतर राशि ₹13,839 बैठती है.
बिक्री की मात्रा नहीं, सत्यापित रकबा आधार
नई व्यवस्था में सहायता केवल किसान द्वारा बेचे गए धान की मात्रा के आधार पर तय नहीं होगी. एग्रीस्टैक में पंजीकृत और डिजिटल क्रॉप सर्वे में दर्ज धान के सत्यापित रकबे को भी आधार बनाया जाएगा. इससे उन किसानों को लाभ मिलने की संभावना है, जिनकी फसल मौसम या अन्य कारणों से कम हुई और वे 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा तक धान नहीं बेच सके.
हालांकि, सहायता पाने के लिए रकबे का सत्यापन और योजना की अन्य पात्रता शर्तें पूरी करना जरूरी होगा. किसानों को सहकारी समिति में धान बेचते समय टोकन बनवाने के दौरान ही योजना के लिए आवेदन देना होगा. आवेदन नहीं करने पर सहायता राशि नहीं मिलेगी. पात्र किसानों के बैंक खातों में भुगतान मार्कफेड के माध्यम से भेजा जाएगा.
नए और विशेष मामलों के लिए प्रावधान
खरीफ 2025-26 में धान नहीं बेचने वाले किसानों के इस वर्ष बिक्री के लिए आने पर उनके रकबे का सत्यापन जिला कलेक्टर करेंगे. जिन क्षेत्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का डेटा उपलब्ध नहीं है, वहां कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर रकबा मान्य किया जा सकेगा.
ट्रस्ट, निजी कंपनियां, शाला विकास समितियां, सरकारी संस्थान और महाविद्यालय इस योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे. भुगतान कृषि भूमि सीलिंग कानून के प्रावधानों के अधीन होगा. कृषि विभाग के उपसंचालक और उनका अमला योजना की निगरानी तथा भुगतान प्रक्रिया सुनिश्चित करेगा.
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 31 जनवरी 2027 तक चलने की जानकारी दी गई है. सरकार ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगी और पंजीकृत किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान लिया जाएगा.
