छत्तीसगढ़ में अर्णव और मुरासु के बाद अकवान तूफान से हुई बेमौसम बारिश ने धान किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कई इलाकों में खेतों में कटी फसल भीग रही है, जबकि तेज हवा से पककर तैयार धान के जमीन पर गिरने की खबर है. खेतों में नमी बढ़ने के कारण हार्वेस्टर से कटाई भी प्रभावित हो रही है.
इस स्थिति का असर प्रदेश के करीब 27.50 लाख पंजीकृत किसानों और 31.60 लाख हेक्टेयर धान क्षेत्र पर पड़ने की आशंका जताई गई है. किसानों के सामने एक ओर फसल बचाने की चुनौती है, तो दूसरी ओर तय समयसीमा के भीतर उपज को सुखाकर खरीदी केंद्र तक पहुंचाने की समस्या खड़ी हो गई है.
फरवरी तक खरीदी बढ़ाने की मांग
किसान संगठनों ने सरकार से धान खरीदी की अंतिम तिथि फरवरी के अंत तक बढ़ाने की मांग की है. इसके अलावा प्रभावित किसानों को मुआवजा और बीमा राशि देने तथा संपूर्ण कर्जमाफी की मांग भी उठाई गई है. संगठनों ने उन किसानों की समस्या दूर करने की मांग की है, जिनका धान का रकबा रिकॉर्ड में शून्य दिख रहा है या जिनके नाम दूसरी फसल दर्ज होने के कारण टोकन जारी नहीं हो पा रहा है.
आरंग के किसान नेता पारसनाथ साहू के अनुसार, अर्णव तूफान के कारण धान कटाई करीब 15 दिन देर से शुरू हुई थी. अकवान के बाद खेतों में दोबारा नमी बढ़ने से हार्वेस्टर को कम से कम एक सप्ताह तक काम में दिक्कत आ सकती है. इसके बाद फसल काटने और उसे सुखाकर बेचने योग्य बनाने में करीब 15 दिन और लग सकते हैं. किसानों का कहना है कि ऐसे में 15 जनवरी की निर्धारित अंतिम तिथि तक पूरी उपज बेचना संभव नहीं होगा.
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष तेजराम विद्रोही ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को ई-मेल भेजकर प्रभावित किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी की मांग की है. भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री नवीन शेष ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए नुकसान के बाद मुआवजा मिलने में देरी की जांच की मांग की.
कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. जीके दास ने कहा कि बारिश और तेज हवा का सबसे अधिक असर खेतों में छोड़ी गई कटी फसल पर पड़ेगा. धान में नमी बढ़ने से चावल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और मिलिंग के दौरान टूटने की समस्या बढ़ सकती है. उन्होंने दलहन, तिलहन और सब्जियों की फसलों पर भी असर की आशंका जताते हुए किसानों से मौसम साफ होने के बाद फसलों की निगरानी करने की सलाह दी.
