रायपुर. छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी ने रफ्तार पकड़ ली है. 26 नवंबर तक राज्य में 1.11 लाख से अधिक किसानों से 4.44 लाख टन धान खरीदा जा चुका है. समर्थन मूल्य पर खरीदी गई इस उपज की कीमत 1,085.84 करोड़ रुपये बताई गई है. इसमें से 87,242 किसानों को 838.58 करोड़ रुपये का भुगतान जारी किया जा चुका है.
प्रदेश के सभी 33 जिलों में 3,095 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी हो रही है. इस सीजन धान बेचने के लिए 28.06 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है. राज्य में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हुई थी.
खरीदी गई धान की किस्में
अब तक खरीदी गई उपज में 2.85 लाख टन मोटा धान, 1.15 लाख टन पतला धान और 42,688 टन सरना धान शामिल है. अधिकारियों को खरीदी से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया सुचारू रखने और किसानों को परेशानी से बचाने के निर्देश दिए गए हैं.
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने उपार्जन केंद्रों पर पर्याप्त बारदाने, पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और धान के सुरक्षित भंडारण पर ध्यान देने को कहा है. टोकन और तौल व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं.
राजनांदगांव में सबसे ज्यादा खरीदी
जिलों में राजनांदगांव सबसे आगे रहा, जहां 43,394.64 टन धान खरीदा गया. इसके बाद बालोद में 38,299.60 टन, महासमुंद में 38,055.20 टन, बेमेतरा में 37,421.40 टन और धमतरी में 29,779.24 टन खरीदी हुई.
सबसे कम खरीदी सुकमा में 2.24 टन, दंतेवाड़ा में 4.72 टन, बीजापुर में 96.12 टन और नारायणपुर में 111.36 टन दर्ज की गई.
