रायपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बेमौसम बारिश और तीन चक्रवाती तूफानों से प्रभावित किसानों के लिए ₹65,100 प्रति एकड़ मुआवजे की मांग की. उन्होंने कहा कि राज्य में धान की फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार ने अब तक नुकसान का आकलन नहीं कराया है.
कांग्रेस के मुताबिक, मुआवजे की गणना 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान उत्पादन और ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से की जानी चाहिए. बैज ने किसानों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर क्षतिपूर्ति जारी करने की मांग की.
धान खरीदी की अवधि बढ़ाने की मांग
बैज ने कहा कि खराब मौसम के कारण कई किसान खरीदी केंद्रों तक नहीं पहुंच पाए. तीन-चार दिनों तक केंद्र पर नहीं पहुंचने से कुछ किसानों के धान खरीदी टोकन लैप्स हो गए. कांग्रेस ने प्रभावित किसानों को दोबारा टोकन जारी करने और धान खरीदी की तारीख 15 दिन आगे बढ़ाने की मांग की है.
बैज के अनुसार, बस्तर क्षेत्र के 1,083 गांवों में 74 हजार से अधिक लोग और 6,154 हेक्टेयर से ज्यादा फसल प्रभावित हुई है. उन्होंने दावा किया कि पूरे प्रदेश में लाखों हेक्टेयर धान की फसल को नुकसान पहुंचा है.
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 24 दिनों में आए अर्नव, मुरासू और अकवान तूफानों के दौरान खेतों में तैयार या कटी हुई धान की फसल बारिश से खराब हुई. खरीदी केंद्रों तक पहुंचा धान भी प्रभावित हुआ.
उन्होंने आरोप लगाया कि पटवारियों की हड़ताल के दौरान सरकार ने नुकसान का सर्वे कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बनाई. कांग्रेस ने फसल बीमा कंपनियों से तत्काल आकलन कर भुगतान कराने, राजस्व पुस्तिका 6/4 के आपदा राहत प्रावधानों के तहत मुआवजा देने और हर ब्लॉक में कृषि अधिकारियों को निगरानी के लिए नोडल अधिकारी बनाने की मांग की है.
